Shimla, Sanju
महिला क्रिकेट वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया की तेज़ गेंदबाज रेणुका ठाकुर आज अपने गांव परसा (रोहड़ू, शिमला) पहुंचीं। गांव में उनका ढोल-नगाड़ों और फूल मालाओं से जोरदार स्वागत किया गया।
गांव पहुंचते ही रेणुका ने सबसे पहले कुलदेवी हटेश्वरी माता मंदिर में माथा टेका और आशीर्वाद लिया। उनके साथ मां सुनीता ठाकुर, भाई विनोद ठाकुर और चाचा भूपेंद्र ठाकुर भी मौजूद रहे। ग्रामीणों और बच्चों में रेणुका के साथ सेल्फी लेने की होड़ लगी रही।
मीडिया से बातचीत में रेणुका ने कहा,“घर पहुंचकर बहुत खुशी हो रही है। मैंने तय किया था कि वर्ल्ड कप जीतने के बाद सबसे पहले माता का आशीर्वाद लूंगी। टूर्नामेंट के दौरान दबाव था, लेकिन हमें अपनी टीम पर भरोसा था कि कप भारत ही जीतेगा।”वर्ल्ड कप के दौरान ड्रेसिंग रूम में बनाई गई रेणुका की ‘मोर ड्राइंग’ सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुई। इस पर उन्होंने मुस्कराते हुए कहा “वो ड्राइंग मैंने सिर्फ टीम का माहौल हल्का करने और पॉजिटिविटी लाने के लिए बनाई थी।”
रेणुका ने अपनी सफलता का श्रेय मां और चाचा भूपेंद्र ठाकुर को दिया। उन्होंने बताया कि अगर चाचा ने समय पर उन्हें HPCA अकादमी में दाखिला न दिलाया होता, तो शायद आज वह यहां तक नहीं पहुंच पातीं।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा उनकी मां के संघर्ष की सराहना पर रेणुका ने कहा कि“यह हमारे पूरे परिवार के लिए गर्व का क्षण है।”उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी फोन कर उन्हें बधाई दी है और राज्य सरकार ने सरकारी नौकरी देने का आश्वासन दिया है।