Palwal, 09 November
केंद्रीय सहकारिता राज्य मंत्री कृष्णपाल गुर्जर ने आज पलवल जिले के गांव बमाडिय़ाका और रायदासका का दौरा किया। इस दौरान उनके साथ पूर्व विधायक दीपक मंगला, संजय गुर्जर, ब्लॉक समिति चेयरमैन भगत सिंह घुघेरा, और गांव के सरपंच ऋषिराज मौजूद रहे।
दौरे के दौरान मंत्री ने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस पार्टी, और प्रदेश के कुछ क्षेत्रीय दलों पर तीखे प्रहार किए।कृष्णपाल गुर्जर ने राहुल गांधी द्वारा “वोट चोरी” के आरोपों पर कहा कि यह वही कहावत है — खिसियानी बिल्ली खंभा नोचे। बिहार चुनाव में एकतरफा हार देखकर अब कांग्रेस ‘वोट चोरी’ का राग अलाप रही है।उन्होंने कहा कि राहुल गांधी ने हरियाणा के होडल विधानसभा में फर्जी वोटों के आरोप लगाए हैं, जबकि उन वोटों में एक भी फर्जी नहीं है।जिन मकान नंबरों का राहुल गांधी ने ज़िक्र किया, वो 1990 में कांग्रेस के शासनकाल में ही डाले गए थे ।
मंत्री ने आगे तंज कसते हुए कहा कि कांग्रेस के राजकुमार की उम्र तो बढ़ गई, लेकिन बुद्धि नहीं बढ़ी। भगवान इन्हें सद्बुद्धि तो देगा नहीं, पर जनता ने इनका इलाज अच्छी तरह कर दिया है।गुर्जर ने कहा कि राहुल गांधी और विपक्षी दल देश की संवैधानिक संस्थाओं पर निराधार आरोप लगाकर लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं।
जेजेपी सुप्रीमो अजय चौटाला के “नेपाल-बांग्लादेश जैसे तख्तापलट” वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए गुर्जर ने कहा ये लोग देश में अराजकता फैलाने की साजिश रच रहे हैं।”
राहुल गांधी के सेना पर दिए बयान को लेकर भी उन्होंने कहा “राहुल गांधी देश की सेना को जातियों में बांटने की कोशिश कर रहे हैं, जो अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है।”
विकास पर बड़ा ऐलान:
कृष्णपाल गुर्जर ने बताया कि बल्लभगढ़ से पलवल तक मेट्रो विस्तार का कार्य वर्ष 2026 में शुरू हो जाएगा, और इसके लिए प्रारंभिक कार्य पहले ही शुरू हो चुका है।केंद्रीय मंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत एक शक्तिशाली देश के रूप में उभरा है।मनमोहन सिंह देश के बड़े अर्थशास्त्री थे, लेकिन कांग्रेस सरकार के दौरान भारत की अर्थव्यवस्था 11वें स्थान पर अटकी रही। मोदी जी ने इसे 11वें से चौथे स्थान तक पहुंचाया है,” गुर्जर ने कहा।उन्होंने दावा किया कि 2028 तक भारत जापान को पीछे छोड़ तीसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था बनेगा।