Shimla, Sanju
राजधानी शिमला में शनिवार सुबह पुराना बस स्टैंड के पास एक व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। स्थानीय लोगों ने सड़क किनारे पड़े शव को देखकर तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही थाना सदर की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज (आईजीएमसी) शिमला भेजा गया।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मृतक की पहचान राजेंद्र सिंह (37) पुत्र कुलदीप सिंह, निवासी DAV प्राथमिक पाठशाला, मिडिल बाजार, शिमला के रूप में हुई है। प्रारंभिक जांच में यह आशंका जताई जा रही है कि व्यक्ति की मौत ठंड लगने या हार्ट अटैक से हुई हो सकती है। हालांकि पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मौत का असली कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा।
पुलिस ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाकर मामला दर्ज कर लिया है। साथ ही मृतक के परिजनों को सूचित कर दिया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार मृतक देर रात इलाके में देखा गया था। पुलिस अब उस समय की गतिविधियों और मृतक के संपर्कों की भी जांच कर रही है ताकि घटना की सच्चाई सामने लाई जा सके।