वॉशिंगटन। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने एक बार फिर अपनी विवादित टैरिफ नीति का बचाव करते हुए कहा है कि इस नीति की वजह से अमेरिका आज दुनिया का सबसे अमीर और सम्मानित देश बन चुका है। ट्रंप ने टैरिफ का विरोध करने वालों को “मूर्ख” करार दिया है और दावा किया कि इससे अमेरिका को अरबों डॉलर की कमाई हो रही है।
ट्रंप ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ट्रूथ सोशल पर लिखा कि “जो लोग टैरिफ का विरोध कर रहे हैं, वे बेवकूफ हैं।” उन्होंने कहा कि टैरिफ ने अमेरिकी अर्थव्यवस्था को नई मजबूती दी है — महंगाई बेहद कम है, स्टॉक मार्केट रिकॉर्ड ऊंचाई पर है, और 401k खातों की वैल्यू अब तक के सबसे ऊंचे स्तर पर पहुंच चुकी है।
ट्रंप ने दावा किया कि अमेरिका टैरिफ से ट्रिलियनों डॉलर की कमाई कर रहा है और जल्द ही अपने $37 ट्रिलियन के राष्ट्रीय कर्ज का भुगतान शुरू करेगा। उन्होंने कहा कि देश में अब रिकॉर्ड स्तर पर निवेश हो रहा है, नई फैक्ट्रियां और प्लांट लगातार खुल रहे हैं।
इसके साथ ही, ट्रंप ने यह भी घोषणा की कि टैरिफ से होने वाली कमाई के जरिए प्रत्येक नागरिक (उच्च आय वर्ग को छोड़कर) को कम से कम $2,000 प्रति व्यक्ति का डिविडेंड दिया जाएगा। हालांकि, उन्होंने यह स्पष्ट नहीं किया कि यह भुगतान कब और किस प्रक्रिया से किया जाएगा।