नई दिल्ली | लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए धमाके के बाद केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मंगलवार सुबह 11 बजे एक आपात उच्च स्तरीय बैठक बुलाई। इस बैठक में केंद्रीय गृह सचिव गोविंद मोहन, आईबी प्रमुख, दिल्ली पुलिस कमिश्नर, एनआईए के डीजी, और जम्मू-कश्मीर के डीजीपी (वर्चुअली) मौजूद हैं। बैठक में गृह मंत्री शाह स्वयं समीक्षा की अगुवाई कर रहे हैं।
धमाके के बाद गृह मंत्रालय ने दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। सभी संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल तैनात किया गया है।
लाल किले के पास धमाके से दिल्ली दहली
सोमवार रात लाल किला मेट्रो स्टेशन के गेट नंबर-1 के पास हुए ब्लास्ट में 9 लोगों की मौत हो गई, जबकि 20 से ज्यादा लोग घायल हुए हैं। धमाके की तीव्रता इतनी अधिक थी कि मेट्रो स्टेशन के बाहर लगी शीशे की दीवारें और कई वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए।
प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि धमाका हरियाणा रजिस्ट्रेशन वाली हुंडई i20 कार में हुआ। कार के टुकड़े 250 मीटर तक जा गिरे। जांच एजेंसियां इसे संभावित आतंकी साजिश मान रही हैं।
UAPA के तहत केस दर्ज, चार संदिग्ध हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने इस मामले में गैरकानूनी गतिविधियां (रोकथाम) अधिनियम — UAPA के तहत केस दर्ज किया है। अब तक चार संदिग्धों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। हालांकि, अभी तक धमाके की असली वजह या किसी संगठन की भूमिका की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
14 साल बाद फिर गूंजी दिल्ली में धमाके की आवाज
साल 2011 में दिल्ली हाईकोर्ट ब्लास्ट के बाद यह राजधानी में हुआ सबसे बड़ा धमाका है। घटनास्थल से मिले साक्ष्यों के आधार पर एजेंसियों को शक है कि इसमें RDX जैसे उच्च श्रेणी के विस्फोटक का इस्तेमाल किया गया।
मीटिंग के मुख्य बिंदु:
- गृह मंत्री अमित शाह कर रहे हैं बैठक की अध्यक्षता
- आईबी, एनआईए और दिल्ली पुलिस के शीर्ष अधिकारी मौजूद
- दिल्ली में हाई अलर्ट जारी
- सभी सीमाओं पर कड़ी निगरानी
- एनआईए और फोरेंसिक टीमें मौके पर जुटीं