Shimla, Sanju
मंडी ज़िले से डॉक्टरों के तबादले के मामले में उठे राजनीतिक विवाद पर मुख्यमंत्री के प्रधान मीडिया सलाहकार नरेश चौहान ने भाजपा विधायकों पर पलटवार किया है। उन्होंने कहा कि मंडी या किसी अन्य ज़िले के साथ कोई भेदभाव नहीं किया जा रहा है। सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ बनाने के लिए प्रशासनिक स्तर पर ज़रूरत के अनुसार बदलाव कर रही है, लेकिन विपक्ष अधूरी जानकारी के आधार पर जनता को गुमराह कर रहा है।
भाजपा विधायक फैला रहे हैं भ्रम
चौहान ने कहा कि भाजपा विधायक बिना पूरी जानकारी के बयानबाज़ी कर रहे हैं। उन्होंने सुझाव दिया कि विधायक मुख्यमंत्री से समय लेकर स्थिति की सही जानकारी प्राप्त करें। उन्होंने स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं को अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए ढांचा बदला है — जिसमें मेडिकल कॉलेजों और डायरेक्टरेट हेल्थ सर्विसेज़ को अलग-अलग कैडर में विभाजित किया गया है। इससे कार्यकुशलता बढ़ेगी और मरीजों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं मिलेंगी।प्रधान मीडिया सलाहकार ने कहा कि विपक्ष केवल भ्रम फैलाने का काम कर रहा है जबकि प्रदेश सरकार का उद्देश्य व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाना है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में सरकार जनहित में निर्णय ले रही है और मंडी समेत पूरे प्रदेश में स्वास्थ्य ढांचे को मज़बूत करने के लिए कई नई योजनाएं लागू की जा रही हैं।
तीन साल की उपलब्धियों को लेकर सरकार एक विशेष कार्यक्रम
इस मौके पर नरेश चौहान ने यह भी बताया कि मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व में कांग्रेस सरकार जल्द ही अपने तीन वर्ष पूरे करने जा रही है। तीन साल की उपलब्धियों को लेकर सरकार एक विशेष कार्यक्रम मंडी में आयोजित करेगी। इस अवसर पर सरकार अपने तीन वर्षों के कामकाज का रिपोर्ट कार्ड जनता के सामने पेश करेगी।उन्होंने कहा कि सुक्खू सरकार ने इन तीन वर्षों में आम आदमी के हकों की लड़ाई लड़ी है और राज्य की ग्रामीण अर्थव्यवस्था, शिक्षा तथा स्वास्थ्य व्यवस्था को प्राथमिकता दी है। नरेश चौहान ने कहा कि सरकार ने कठिन परिस्थितियों में भी जनता के हितों की रक्षा की है और आने वाले समय में विकास कार्यों की रफ्तार और तेज़ होगी।