Shimla,13 November
हिमाचल प्रदेश कृषि विभाग ने एग्रीस्टैक (AgriStack) परियोजना के तहत डिजिटल क्रॉप सर्वे (Digital Crop Survey – DCS) के लिए निजी सर्वेयरों की भर्ती की प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य राज्य के सभी राजस्व गांवों में डिजिटल तकनीक के माध्यम से फसलवार जानकारी एकत्रित कर सटीक कृषि डाटाबेस तैयार करना है।
जिला शिमला सहित पूरे प्रदेश में यह सर्वे किया जाएगा। विभाग के अनुसार इच्छुक निजी सर्वेयरों की आयु आवेदन की तिथि पर 18 वर्ष से अधिक होनी चाहिए। आवेदनकर्ता के पास आधार कार्ड, बैंक खाता विवरण और स्मार्टफोन होना आवश्यक है। इसके अतिरिक्त एटीएम, बीटीएम, कृषि प्रसार अधिकारी, कृषि, बागवानी या वन विज्ञान में स्नातक, सुपरवाइजर, कृषक साथी, पशु साथी, स्वयं सहायता समूहों के सदस्य, पैक्स सचिव, पटवारी तथा पंचायत प्रतिनिधि भी आवेदन करने के पात्र हैं।
डिजिटल सर्वेक्षण के लिए उम्मीदवारों को मोबाइल एप्लिकेशन के संचालन का ज्ञान होना चाहिए तथा अपने स्थानीय क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति की जानकारी भी आवश्यक है। इच्छुक व्यक्ति विभाग की आधिकारिक वेबसाइट https://hpdcsa.agristack.gov.in/crop-survey-hp या गूगल प्ले स्टोर पर उपलब्ध “DCS Himachal Pradesh” ऐप के माध्यम से पंजीकरण कर सकते हैं। यह ऐप केवल एंड्रॉयड उपयोगकर्ताओं के लिए उपलब्ध है।
सर्वेक्षण कार्य के लिए विभाग द्वारा उपयुक्त प्रोत्साहन राशि (इन्सेंटिव) निर्धारित की जाएगी। चयनित सर्वेयरों को अपने क्षेत्र में किसानों से डिजिटल माध्यम से फसल संबंधित डेटा संकलित करने की जिम्मेदारी दी जाएगी।कृषि उप निदेशक, जिला शिमला, डॉ. अजब कुमार नेगी ने बताया कि यह सर्वे हिमाचल प्रदेश में कृषि के डिजिटलीकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने इच्छुक उम्मीदवारों से विभाग की वेबसाइट www.agriculture.hp.gov.in पर नियमित रूप से नवीनतम अद्यतन जानकारी देखने की अपील की है।