लुधियाना | लुधियाना में नशे के नेटवर्क पर बड़ी चोट करते हुए डायरेक्टरेट ऑफ रेवेन्यू इंटेलिजेंस (DRI) ने एक कार से 103 किलो गांजा बरामद किया है। तस्करी के इस मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि बरामद नशे की बाज़ार कीमत लगभग 31 लाख रुपये आंकी गई है।
खुफिया सूचना पर चली कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, DRI को सूचना मिली थी कि नशे की एक भारी खेप लुधियाना में सप्लाई की जानी है। इसके बाद टीम ने साहनेवाल के पास नाकाबंदी कर एक संदिग्ध कार को रोका। जांच के दौरान टीम को कार के फर्श में बनाए गए सीक्रेट कम्पार्टमेंट में 74 पैकेट मिले, जो खाकी टेप से सील किए गए थे और उनमें गांजा भरा हुआ था।
कार को तस्करी के लिए मॉडिफाई किया गया था
जांच में सामने आया कि तस्करों ने वाहन की बॉडी को खास तौर पर तस्करी के लिए मॉडिफाई किया था। कार के फ्रंट और रियर फ्लोर में छिपे compartments का उपयोग गांजा को आसानी से एक जगह से दूसरी जगह ले जाने के लिए किया जा रहा था।
DRI अधिकारियों के अनुसार, यह नशा तस्करों का नया तरीका है जिसमें वे वाहनों के फ्लोर को बदलकर बड़े पैमाने पर नशीली सामग्री की सप्लाई करते हैं, ताकि चेकिंग में पकड़ से बचा जा सके।
पूरी सप्लाई चेन का पता लगाने में जुटी एजेंसी
गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पूछताछ जारी है। एजेंसी यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि यह नशा कहां से लाया गया था और इसे किसे सप्लाई किया जाना था। DRI ने कार और बरामद गांजा जब्त कर लिया है और मामले की आगे जांच जारी है।