चंडीगढ़ | पंजाब सरकार ने स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में ऐतिहासिक कदम उठाते हुए राज्य के सभी निवासियों को व्यापक स्वास्थ्य बीमा कवर देने की घोषणा की है। इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत करीब 65 लाख परिवारों, यानी लगभग 6.5 करोड़ नागरिकों को प्रति परिवार 10 लाख रुपये का कैशलेस स्वास्थ्य बीमा मिलेगा।
इस कदम के साथ पंजाब दुनिया का पहला ऐसा राज्य बनने की ओर बढ़ रहा है, जिसने सार्वभौमिक स्वास्थ्य सेवा को केवल घोषणा भर नहीं रखा, बल्कि इसे लागू करने के लिए आवश्यक व्यवस्था भी सुनिश्चित की है। सरकार जल्द ही इस योजना को पूरे राज्य में लागू करने जा रही है।
आसान प्रक्रिया, न कोई आय प्रमाणपत्र की जरूरत
योजना के तहत लाभ पाने के लिए किसी आय प्रमाण पत्र या राशन कार्ड की जरूरत नहीं होगी। पंजाब निवास प्रमाण के रूप में सिर्फ आधार कार्ड या मतदाता पहचान पत्र ही स्वास्थ्य कार्ड के लिए पर्याप्त होगा। इससे सभी नागरिक बिना किसी कागजी झंझट के कैशलेस उपचार पा सकेंगे।
सरकारी कर्मचारियों से लेकर आशा वर्करों तक सभी को फायदा
इस योजना में सरकारी कर्मचारी, आंगनवाड़ी कार्यकर्ता और आशा वर्कर भी शामिल होंगे। मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा कि अब इलाज के लिए किसी नीले या पीले राशन कार्ड की जांच नहीं होगी। “जो पंजाब का निवासी है, उसे मुफ्त इलाज मिलेगा,” उन्होंने कहा।
सरकारी और निजी दोनों अस्पतालों में मुफ्त इलाज
योजना के तहत राज्य के सभी सरकारी एवं सूचीबद्ध निजी अस्पतालों में विभिन्न बीमारियों का पूरी तरह मुफ्त और कैशलेस इलाज उपलब्ध होगा। सरकार का दावा है कि इससे स्वास्थ्य सेवाओं तक पहुंच आसान होगी और आम लोगों पर आर्थिक बोझ कम होगा।