दिल्ली | दिल्ली के लाल किला मेट्रो स्टेशन के पास हुए कार विस्फोट की जांच में राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने एक और महत्वपूर्ण गिरफ्तारी की है। एजेंसी ने मोबाइल लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले के दालखोला से अल-फलाह यूनिवर्सिटी, फरीदाबाद के MBBS छात्र निसार आलम को हिरासत में लिया है।
बंगाल पुलिस के साथ संयुक्त कार्रवाई
सूत्रों के मुताबिक, NIA और बंगाल पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात दालखोला में छापेमारी कर आलम को गिरफ्तार किया। वह इस सप्ताह की शुरुआत में अपनी मां और बहन के साथ एक पारिवारिक कार्यक्रम में शामिल होने दालखोला आया था। गिरफ्तारी के बाद उसे इस्लामपुर थाने ले जाकर पूछताछ की गई, जहां से उसे सिलीगुड़ी शिफ्ट किया गया। एजेंसी जल्दी ही उसे ट्रांजिट रिमांड पर दिल्ली ला सकती है।
लुधियाना में रहते थे परिवार के सदस्य
निसार आलम और उसका परिवार लंबे समय से पंजाब के लुधियाना में रह रहा था, हालांकि उनका पैतृक घर दालखोला के कोनाल गांव में है। गांव के लोगों ने बताया कि परिवार लुधियाना शिफ्ट होने के बावजूद अपने रिश्तेदारों के संपर्क में रहता था।
मोबाइल लोकेशन से मिला सुराग
NIA ने आलम की फोन लोकेशन खंगाली और उसकी गतिविधियों का विश्लेषण करने के बाद उसे संदिग्ध मानते हुए तत्काल कार्रवाई की। दालखोला पहुंचकर एजेंसी ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
अल-फलाह यूनिवर्सिटी लगातार जांच के घेरे में
फरीदाबाद की अल-फलाह यूनिवर्सिटी पिछले कुछ दिनों से लगातार सुर्खियों में है।
- दिल्ली ब्लास्ट में 10 लोगों की मौत और कई घायल हुए थे।
- जांच के दौरान विश्वविद्यालय परिसर से विस्फोटक सामग्री की भी भारी बरामदगी हुई।
- पिछले 4 दिनों में पुलिस कई बार परिसर का दौरा कर चुकी है और अब तक 52 डॉक्टरों से पूछताछ हो चुकी है।
NIA की इस गिरफ्तारी से माना जा रहा है कि कार विस्फोट मामले में नए लिंक और नेटवर्क का खुलासा हो सकता है। पुलिस और केंद्रीय एजेंसियां अब छात्र के कॉल रिकॉर्ड, संपर्कों और दिल्ली ब्लास्ट से जुड़ी संभावित भूमिका की गहन जांच कर रही हैं।