रोहतक | पुलिस ने अवैध हथियारों के साथ चार युवकों को गिरफ्तार किया है। जानकारी के अनुसार, ये चारों युवक किसी बड़ी वारदात को अंजाम देने की फिराक में घूम रहे थे। पुलिस ने आरोपियों से पूछताछ शुरू कर दी है और मामले की तहकीकात कर रही है।
सीआईए-2 की टीम को स्थानीय लोगों से सूचना मिली थी कि चार युवक संदिग्ध तरीके से घूम रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए छापा मारा और चारों आरोपियों को दबोच लिया।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों में रोड के निवासी रोहन, नौनंद के अमन और शुभम तथा निंदाना के आतिश शामिल हैं। इनके कब्जे से दो पिस्टल, तीन देसी कट्टे और कारतूस बरामद हुए। रोहन को पुलिस ने रिमांड पर लिया है और उससे गहन पूछताछ की जा रही है।
पुलिस अधीक्षक सुरेंद्र सिंह बोरिया ने बताया कि शेष तीन आरोपियों को न्यायालय में पेश करके जेल भेज दिया गया है। प्रारंभिक जांच में यह संभावना जताई जा रही है कि आरोपी किसी बड़े गिरोह से जुड़े हो सकते हैं। रोहन के खिलाफ हत्या के प्रयास समेत कुल सात मामले दर्ज हैं। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है और आरोपियों की गतिविधियों के अन्य पहलुओं की भी जांच जारी है।