नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार को जोहान्सबर्ग, दक्षिण अफ्रीका के लिए रवाना हुए, जहाँ वह 21 से 23 नवंबर तक आयोजित हो रहे 20वें G20 शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। यह लगातार चौथा अवसर है जब G20 बैठक किसी विकासशील देश में आयोजित हो रही है। दुनिया के कई शीर्ष नेता इस वैश्विक सम्मेलन में शामिल हो रहे हैं।
प्रधानमंत्री मोदी सम्मेलन में भारत की नीतियों, प्राथमिकताओं और वैश्विक दृष्टिकोण को प्रस्तुत करेंगे।
पीएम मोदी तीन प्रमुख सत्रों को करेंगे संबोधित
कार्यक्रम से जुड़े सूत्रों के अनुसार, प्रधानमंत्री तीन अहम सत्रों को संबोधित कर सकते हैं:
- समावेशी और सतत आर्थिक विकास – जिसमें यह सुनिश्चित करने पर जोर होगा कि विकास में कोई पीछे न रह जाए।
- गतिशील विश्व में G20 की भूमिका – आपदा जोखिम प्रबंधन, जलवायु परिवर्तन और वैश्विक चुनौतियों पर फोकस।
- सभी के लिए न्यायपूर्ण और सुरक्षित भविष्य – भविष्य की नीतियों में समानता और न्याय को केंद्र में रखने पर चर्चा।
अफ्रीका में होने वाला पहला G20 सम्मेलन
दक्षिण अफ्रीका रवाना होने से पहले पीएम मोदी ने कहा कि साउथ अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामफोसा के निमंत्रण पर वह G20 लीडर्स समिट में हिस्सा ले रहे हैं।
उन्होंने इसे खास बताते हुए कहा कि यह अफ्रीका महाद्वीप में आयोजित होने वाला पहला G20 शिखर सम्मेलन है।
प्रधानमंत्री ने यह भी याद दिलाया कि भारत की G20 अध्यक्षता के दौरान अफ्रीकन यूनियन को G20 की पूर्ण सदस्यता दी गई थी, जो वैश्विक दक्षिण के लिए ऐतिहासिक कदम माना गया।
IBSA लीडर्स मीटिंग में भी होंगे शामिल
इसके अलावा, प्रधानमंत्री मोदी दक्षिण अफ्रीका द्वारा आयोजित इंडिया-ब्राज़ील-दक्षिण अफ्रीका (IBSA) लीडर्स समिट में भी भाग लेंगे, जहाँ तीनों देशों के बीच बहुपक्षीय सहयोग और विकास साझेदारी पर चर्चा की जाएगी।