चंडीगढ़। पंजाब में मौसम का रुख फिर से बदल गया है। मौसम विभाग की ताजा जानकारी के अनुसार, राज्य में अगले सात दिनों तक कहीं भी बारिश की संभावना नहीं है। हालांकि मैदानी इलाकों में शुष्क मौसम रहेगा, लेकिन पहाड़ी क्षेत्रों में हो रही ताज़ा बर्फबारी का असर पंजाब के मौसम पर दिखाई दे सकता है।
मौसम विशेषज्ञों के अनुसार, राज्य में दिन और रात के तापमान में बड़ा अंतर दर्ज किया जा रहा है। रातें ठंडी और दिन हल्के गर्म बने रहेंगे। अगले 3-4 दिनों तक यह शुष्क मौसम बना रहेगा और केवल नवंबर के अंत या दिसंबर की शुरुआत में होने वाली बारिश से ही एयर क्वालिटी इंडेक्स में सुधार की उम्मीद की जा सकती है।
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो मानसा सबसे गर्म शहर रहा, जहां अधिकतम तापमान 31.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। वहीं, फरीदकोट में रात का तापमान 7 डिग्री तक गिर गया, जिससे कड़ाके की ठंड महसूस हुई। चंडीगढ़ में दिन का तापमान 27.4 डिग्री और रात का 10.1 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
मौसम विभाग ने नागरिकों से तापमान के उतार-चढ़ाव के बीच स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखने और शुष्क मौसम में सुरक्षा उपाय अपनाने की सलाह दी है।