नई दिल्ली | पंजाबी गायक हरजीत हरमन ने सोशल मीडिया पर स्पष्ट किया है कि वे पूरी तरह से जीवित और स्वस्थ हैं। हरमन ने फेसबुक पोस्ट के जरिए बताया कि कुछ लोगों ने सोशल मीडिया पर लाइक्स और व्यूज़ बढ़ाने के चक्कर में उनकी मौत की झूठी खबर फैला दी, जबकि यह हादसे में मारे गए गायक हरमन सिद्धू के लिए गलती से बनाई गई अफवाह थी।
हरमन ने लिखा, “सत श्री अकाल दोस्तों, पिछले दिनों हुए हादसे में हमारे कलाकार भाई हरमन सिद्धू (मानसा) की मौत हो गई। उनकी मौत के नाम पर कुछ सोशल मीडिया अकाउंट्स ने मेरी तस्वीरें लगाकर मेरी मौत की झूठी अफवाह फैला दी। यह बहुत ही शर्मनाक और दुखद है।”
उन्होंने आगे कहा कि लोग लाइक्स और व्यूज़ के लिए इस तरह की हरकतें कर दूसरों को गुमराह न करें। “मैं परमात्मा की कृपा और अपने चाहने वालों के प्यार से बिल्कुल ठीक हूं और अपने शोज़ कर रहा हूं।” हरमन ने अपनी पोस्ट में हरमन सिद्धू की तस्वीर साझा करते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी और लिखा—“अलविदा भाई।”
गौरतलब है कि दो दिन पहले पंजाबी सिंगर हरमन सिद्धू का सड़क हादसे में निधन हो गया था। उनकी कार की एक ट्रक से जोरदार टक्कर के कारण उनकी मौके पर ही मौत हो गई थी। यह हादसा पंजाबी संगीत जगत के लिए बेहद दुखद खबर रही।