फतेहाबाद। पंचायत भवन में आयोजित तीन दिवसीय जिला स्तरीय गीता जयंती समारोह का सोमवार को भव्य समापन हुआ। समापन अवसर पर सिरसा की पूर्व सांसद सुनीता दुग्गल मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं, जबकि बीजेपी जिलाध्यक्ष प्रवीण जोड़ा विशेष अतिथि रहे। कार्यक्रम की शुरुआत शोभा यात्रा को हरी झंडी दिखाकर रवाना करने से हुई।
शोभा यात्रा पंचायत भवन से शुरू होकर शहर के विभिन्न मार्गों से होकर वापस कार्यक्रम स्थल पर पहुंची। यात्रा के दौरान दुर्गा मंदिर, जीटी रोड, लाल बत्ती चौक, अग्रसेन चौक, थाना रोड, जवाहर चौक, रविदास चौक और खेमा खाती रोड सहित प्रमुख स्थानों पर सामाजिक और धार्मिक संगठनों द्वारा स्वागत किया गया।
सुनीता दुग्गल का संबोधन
कार्यक्रम में सुनीता दुग्गल ने गीता के संदेश पर जोर देते हुए कहा कि हमें गीता का अध्ययन अवश्य करना चाहिए। उन्होंने कहा कि गीता कर्म प्रधान है और इसमें ज्ञान योग का महत्व भी बताया गया है। दुग्गल ने उपस्थित बच्चों और युवाओं को प्रेरित करते हुए कहा, “जीवन में परीक्षा सबसे बड़ा संघर्ष होती है। मेहनत करने के बावजूद अगर परिणाम नहीं आते, तो समझ लें कि परमात्मा ने आपके लिए इससे बेहतर योजना बनाई है।”
पूर्व सांसद ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि कॉलेज में उन्होंने डॉक्टर बनने का सपना देखा, लेकिन प्रवेश नहीं मिला। माता-पिता के समर्थन से उन्होंने इनकम टैक्स विभाग में नौकरी की और बाद में राजनीति में कदम रखा। उन्होंने कहा, “अगर मैं डॉक्टर बन जाती तो सांसद नहीं बन पाती। इसलिए कर्म करते समय हमेशा ईमानदारी और प्रयास से पीछे मत हटें।”
राजनीतिक संदेश
बिहार चुनाव के बाद फतेहाबाद आने वाली पहली वरिष्ठ नेता के रूप में दुग्गल ने राजनीतिक टिप्पणी भी की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सरकार ने विकास कार्यों को अंजाम दिया है, और जनता ने इस पर विश्वास जताया है। उन्होंने कहा कि विपक्ष के प्रयास अब जनता के बीच असर नहीं दिखा रहे और भाजपा लगातार लोकप्रियता की लहर पर है।