चंडीगढ़ | फरीदाबाद के अटाली गांव में स्वास्थ्य विभाग ने बिना मेडिकल डिग्री के क्लीनिक चलाने वाले डॉक्टर संजय का क्लीनिक सील कर दिया। शिकायत सीएम विंडो पर मिलने के बाद विभाग की टीम मौके पर पहुंची और जांच के दौरान डॉक्टर के पास कोई वैध डिग्री नहीं पाई गई।
शिकायत के अनुसार, डॉक्टर संजय अटाली गांव में मरीजों का इलाज कर लोगों को दवाइयां दे रहा था, जिससे मरीजों की जान जोखिम में पड़ सकती थी। स्वास्थ्य विभाग ने इस गंभीर मामले को संज्ञान में लेकर तत्काल कार्रवाई की।
सीएमओ डॉ. जयंत आहूजा के निर्देश पर कौराली सीएचसी के एसएमओ डॉ. राजेश की निगरानी में एक टीम का गठन किया गया। टीम ने एक स्वास्थ्यकर्मी रेखा को मरीज बनाकर क्लीनिक भेजा। जैसे ही टीम ने क्लीनिक पहुंचकर चेक किया, डॉक्टर संजय वहां मौजूद था।
टीम ने डॉक्टर से वैध डॉक्टरी प्रमाण पत्र दिखाने को कहा, लेकिन उसके पास कोई भी डॉक्यूमेंट नहीं पाया गया। साथ ही क्लीनिक से कई गंभीर बीमारियों की दवाइयां भी बरामद की गई।
एसएमओ डॉ. राजेश ने थाना छांयसा पुलिस को शिकायत दी और पुलिस ने डॉक्टर संजय के खिलाफ अवैध मेडिकल प्रैक्टिस और मरीजों की सुरक्षा खतरे में डालने के आरोप में मामला दर्ज किया। स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध डॉक्टर या क्लीनिक के बारे में जानकारी मिलने पर तुरंत संबंधित अधिकारियों को सूचित करें।