भिंड | मध्य प्रदेश के भिंड जिले में सड़क किनारे पेशाब करने को लेकर हुए विवाद ने हत्या का रूप ले लिया। आरोपी ने खुद को कैबिनेट मंत्री राकेश शुक्ला का समधी बताते हुए एक युवक को गोली मार दी। घायल युवक को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया, लेकिन चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।
युवक की मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने हाईवे पर शव रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया, जिससे भिंड-ग्वालियर नेशनल हाईवे 719 पर लगभग 6 घंटे तक जाम लगा। इस दौरान लोगों की आवाजाही ठप हो गई, कई लोग फंसे रहे और कुछ ट्रेनें भी छूट गईं।
मुख्य आरोपी गिरफ्तार, सहयोगी फरार
पुलिस ने आरोपी जेपी कांकर को गिरफ्तार कर लिया है। उसने खुद को मंत्री का समधी बताया था। वहीं, उसके दो सहयोगी सुनीर कांकर और दीपू बौहरे अभी फरार हैं।
मामले का पूरा घटनाक्रम
पुलिस के अनुसार, रविवार रात करीब 9:15 बजे आरोपी सड़क के किनारे पेशाब कर रहे थे। युवक ने उन्हें रोकने का प्रयास किया, जिस पर बहसबाजी और गाली-गलौज शुरू हो गई। आरोपियों ने गुस्से में आकर युवक के पेट में गोली मार दी।
घायल को ग्वालियर ले जाते समय उसकी मौत हो गई। इसके बाद परिजन हाईवे पर धरना प्रदर्शन कर न्याय की मांग करने लगे। परिजनों ने गोहद चौराहा थाना पर FIR दर्ज करने में देरी का आरोप भी लगाया है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी जेपी कांकर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है और फरार सहयोगियों की खोज जारी है।