चंडीगढ़। दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण खतरनाक स्तर पर पहुंचने के विरोध में हरियाणा के कांग्रेस सांसदों ने बुधवार को संसद में मास्क पहनकर प्रवेश किया। सांसदों ने वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) लगातार 400 पार होने पर चिंता जताई और इस गंभीर मुद्दे पर सदन में विशेष चर्चा कराने की मांग उठाई।
‘ग्रेप सिर्फ कागजों में लागू, जमीन पर नाकाम’ : कांग्रेस
संसद के शीतकालीन सत्र के तीसरे दिन कांग्रेस सांसदों ने कहा कि ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP) लागू होने के बावजूद दिल्ली, हरियाणा और यूपी में प्रदूषण नियंत्रण के उपाय प्रभावी नहीं हैं। रोहतक से सांसद दीपेंद्र सिंह हुड्डा ने आरोप लगाया कि ग्रेप की पाबंदियां सिर्फ कागजों तक सीमित हैं, जबकि धूल नियंत्रण, निर्माण कार्यों पर रोक और खुले में कचरा जलाने जैसी गतिविधियों पर कोई सख्ती नहीं दिख रही।
हुड्डा ने कहा—
- कई इलाकों में निर्माणस्थलों से धूल उड़ रही है
- सड़कों पर पानी का छिड़काव नहीं हो रहा
- कूड़ा खुले में जलाया जा रहा
- बच्चों और बुजुर्गों के स्वास्थ्य पर गंभीर असर पड़ रहा है
उन्होंने सरकार से पूछा कि प्रदूषण से निपटने के लिए केंद्र ने कौन-सा एक्शन प्लान तैयार किया है, इसे सदन में स्पष्ट किया जाए।
मास्क पहनकर पहुंचे कई सांसद
दीपेंद्र हुड्डा के साथ
- सोनीपत से सांसद सतपाल ब्रह्मचारी
- अंबाला से सांसद वरुण चौधरी मुलाना
- हिसार से सांसद जयप्रकाश जेपी
भी मास्क पहनकर सदन में पहुंचे और सरकार के खिलाफ विरोध दर्ज कराया।
‘हर नागरिक की जासूसी का खतरा’: संचार साथी ऐप पर सुरजेवाला का आरोप
राज्यसभा सदस्य और कांग्रेस नेता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने शून्यकाल में ‘संचार साथी’ ऐप को लेकर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि यह ऐप लोगों के फोन में बिना अनुमति के जबरन इंस्टॉल किया जा रहा है, जिससे नागरिकों की निजता पर खतरा बढ़ गया है।
सुरजेवाला के अनुसार—
- ऐप के जरिए रियल-टाइम लोकेशन ट्रैक की जा सकती है
- फोन कॉल्स सुनी जा सकती हैं
- डाटा सुरक्षा पर बड़ा खतरा है
उन्होंने चेतावनी दी कि अगर यह ऐप विदेशी हैकर्स या किसी खुफिया एजेंसी के कब्जे में गया तो 140 करोड़ भारतीयों का निजी डाटा एक झटके में लीक हो सकता है।