पंजाब | केंद्र सरकार ने पंजाब के लिए एक अहम रेल परियोजना को फिर से शुरू करने का बड़ा फैसला लिया है। केंद्रीय रेल राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू ने अधिकारियों को 40 किलोमीटर लंबी कादियां-ब्यास रेल लाइन परियोजना को “डीफ्रीज” कर काम तुरंत फिर से शुरू करने के निर्देश दिए हैं।
यह प्रोजेक्ट ब्रिटिश शासन के समय, 1929 में मंजूरी प्राप्त हुआ था। नॉर्थ-वेस्टर्न रेलवे ने इस पर काम शुरू किया और 1932 तक लगभग एक-तिहाई हिस्सा पूरा किया गया, लेकिन बाद में अचानक इसे रोक दिया गया। इसके बाद 2010 के रेल बजट में भी इसे शामिल किया गया था, लेकिन फाइनेंशियल चिंताओं और प्लानिंग मुद्दों के कारण इसे कार्यान्वित नहीं किया जा सका।
रवनीत सिंह बिट्टू ने अधिकारियों से कहा कि प्रधानमंत्री मोदी और रेल मंत्री वैष्णव पहले ही स्पष्ट कर चुके हैं कि पंजाब के रेल प्रोजेक्ट्स के लिए कोई वित्तीय कमी नहीं होगी। उन्होंने सभी रुकावटें दूर करने और निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ करने के निर्देश दिए।
बिट्टू ने बताया कि नई रेल लाइन बटाला की इंडस्ट्रियल यूनिट्स के लिए लाभकारी साबित होगी और क्षेत्र में उद्योग और कारोबार को बढ़ावा देगी। नॉर्दर्न रेलवे के चीफ एडमिनिस्ट्रेटिव ऑफिसर (कंस्ट्रक्शन) ने भी एक लेटर जारी कर बताया है कि रेलवे बोर्ड परियोजना का अनुमोदन शीघ्र करेगा और कंस्ट्रक्शन का काम तुरंत शुरू कर दिया जाएगा। इस कदम से पंजाब में औद्योगिक विकास को नया बल मिलेगा और ब्रिटिश काल का अधूरा रेल सपना आखिरकार साकार होगा।