कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति शनिवार को उस समय गरमा गई जब तृणमूल कांग्रेस से निलंबित विधायक हुमायूं कबीर ने मुर्शिदाबाद जिले के बेलडांगा में बाबरी मस्जिद के पुनर्निर्माण की आधारशिला रखी। कार्यक्रम के दौरान भारी भीड़ और सुरक्षा व्यवस्था के बीच मुस्लिम समुदाय के लोग बड़ी संख्या में पहुंचे और ईंटें अर्पित कीं।
मुस्लिम बहुल क्षेत्र में बड़ा आयोजन, भारी भीड़ उमड़ी
बांग्लादेश सीमा से सटे बेलडांगा के मोरादिघी इलाके में 25 बीघा भूमि पर आयोजित इस कार्यक्रम में देश-विदेश से इस्लामी धर्मगुरुओं ने भी शिरकत की। सुबह से ही भगदड़ जैसी स्थिति बनने लगी, जिसके बाद प्रशासन ने अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया। हुमायूं कबीर का दावा है कि इस समारोह में तीन लाख से अधिक लोग जुटे।
BJP ने दिया जवाब, बहरमपुर में आयोजित हुई राम मंदिर शिला पूजा
उधर, इस कार्यक्रम के बाद जिले के बहरमपुर में भाजपा नेता शाखारभ सरकार ने राम मंदिर निर्माण के लिए शिला पूजा कर राजनीतिक माहौल को और गर्मा दिया। मनींद्र नगर क्षेत्र में आयोजित इस धार्मिक कार्यक्रम में भी बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए।
“मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद बनकर रहेगी” : हुमायूं कबीर
कार्यक्रम के मंच से कबीर ने घोषणा की कि मुर्शिदाबाद में बाबरी मस्जिद का निर्माण कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि इसके लिए देशभर के मुसलमान आर्थिक सहयोग प्रदान करेंगे और धन की कोई कमी नहीं आने दी जाएगी।