Shimla, Sanju-:हिमाचल प्रदेश सरकार के तीन वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में गुरुवार को मंडी में आयोजित जन संकल्प सम्मेलन के दौरान उप-मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के अधिकारियों को लेकर दिए गए बयान ने सियासी हलचल मचा दी है। अब इस बयान पर राज्य के कृषि मंत्री चौधरी चंद्र कुमार की प्रतिक्रिया सामने आई है। उन्होंने कहा कि डिप्टी CM की टिप्पणी किसी विशेष अधिकारी के प्रति उनकी व्यक्तिगत धारणा हो सकती है और इसे पूरे अफसरशाही पर लागू नहीं किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के दौरान खुले मंच से मुकेश अग्निहोत्री ने कहा था कि कुछ अफसर कांग्रेस सरकार के बावजूद भाजपा नेताओं के घर चक्कर लगा रहे हैं। उन्होंने मंच से ही चेतावनी भरे लहजे में कहा कि रात के अंधेरे में सरकार के खिलाफ साजिश रचने वाले अफसरों को “निपटा दिया जाएगा”। इतना ही नहीं, उन्होंने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू को भी नसीहत देते हुए कहा कि “अफसरों से दोनों हाथों से निपटो।”इन बयानों ने जहां विपक्ष को हमलावर होने का मौका दिया, वहीं अब कृषि मंत्री चंद्र कुमार ने स्थिति को संतुलित करने की कोशिश की है। उन्होंने कहा कि जन संकल्प सम्मेलन में पूरे प्रदेश से भारी संख्या में लोग पहुंचे, जिससे साफ है कि जनता सरकार के काम से संतुष्ट है। भाजपा द्वारा कार्यक्रम को फ्लॉप बताने के दावे को नकारते हुए उन्होंने कहा कि विपक्ष इस भीड़ को देख घबरा गया है।उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि प्रदेश सरकार में गुटबाज़ी या मतभेद जैसी कोई स्थिति नहीं है। सभी नेताओं ने मंच से अपने विचार रखे और एकजुट होकर सरकार की उपलब्धियों को जनता के सामने प्रस्तुत किया।