Dharamshala, Rahul-:14 दिसंबर को अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम धर्मशाला में होने वाले भारत–दक्षिण अफ्रीका टी-20 मैच के मद्देनज़र जिला पुलिस ने व्यापक ट्रैफिक और पार्किंग प्लान जारी किया है। बड़ी संख्या में दर्शकों और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए वाहनों की आवाजाही के लिए विशेष रूट निर्धारित किए गए हैं, जबकि पार्किंग के लिए अलग-अलग स्थल चिन्हित किए गए हैं। वीआईपी वाहन साई ग्राउंड में पार्क होंगे, जबकि दर्शकों के लिए चलने वाली शटल बसें जोरावर स्टेडियम में खड़ी की जाएंगी। दोपहिया वाहन फुटबॉल ग्राउंड में पार्क किए जाएंगे।
आपातकालीन सेवाओं के लिए सभी रास्ते खुले
ट्रैफिक प्लान के अनुसार एम्बुलेंस और अन्य आपातकालीन सेवाओं को किसी भी दिशा में चलने की अनुमति होगी। निर्धारित क्षेत्रों में अवैध पार्किंग पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगी। भारी वाहनों की आवाजाही धर्मशाला और मैक्लोडगंज में मैच से आठ घंटे पहले बंद रहेगी और मैच के दो घंटे बाद ही इन्हें मार्ग दिया जाएगा। वोल्वो बसों को आवश्यकता अनुसार ही सकोह से धर्मशाला-गग्गल रूट पर चलने दिया जाएगा, अन्यथा उन्हें घरोह–चड़ी–चंबी मार्ग से भेजा जाएगा।
खिलाड़ियों के आगमन पर 20 मिनट का मार्ग अवरोध
सैनिक वेल्फेयर बोर्ड से स्टेडियम–आईटीआई दाड़ी रोड तक सभी वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। छोटे वाहनों को आईटीआई से फुटबॉल मैदान और वीवीआईपी वाहनों को साई ग्राउंड तक प्रवेश मिलेगा। खिलाड़ियों के मूवमेंट के दौरान 20 मिनट के लिए मार्ग पूरी तरह बंद किया जाएगा। एसपी कांगड़ा अशोक रत्न ने जानकारी दी कि आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं।
कचहरी से वार मेमोरियल तक अस्थायी पार्किंग प्रतिबंधित
कचहरी चौक से वार मेमोरियल के बीच किसी भी प्रकार की अस्थायी पार्किंग की अनुमति नहीं होगी। वन-वे व्यवस्था के तहत मटौर, चैतडू, बगली और गग्गल की दिशा में रूट बदले जाएंगे। धर्मशाला का प्रवेश मार्ग केवल शीला चौक–दाड़ी रोड से रहेगा। छोटे वाहनों को कुनाल पत्थरी रोड, सर्किट हाउस, कैंची मोड़ और मुख्य मार्ग की ओर विशेष दिशा-निर्देशों के अनुसार चलाया जाएगा।
धर्मशाला से खनियारा जाने वाले वाहन फव्वारा चौक–खनियारा रोड से जाएंगे, जबकि खनियारा से आने वाला ट्रैफिक दाड़नू होकर श्याम नगर, अंबेडकर चौक और चरान चौक से गुजरेगा। धर्मशाला से मैक्लोडगंज की ओर जाने वाले वाहन खड़ा डंडा रोड और कैंट रोड से होकर ले जाए जाएंगे।
मैच दिवस पार्किंग व्यवस्था
- वीवीआईपी: साई ग्राउंड
- वीवीआईपी पास धारक: फुटबॉल मैदान
- सामान्य पार्किंग: फुटबॉल मैदान
- मीडिया: बॉयज स्कूल ग्राउंड
- छोटे वाहन: बीएड कॉलेज पार्किंग
- दोपहिया वाहन: सरकारी डिग्री कॉलेज, प्रयास भवन कॉम्प्लेक्स
- मैक्लोडगंज व धर्मशाला से आने वाले वाहन: राज्य सचिवालय व डीसी ऑफिस पार्किंग
- सकोह–कुनाल पत्थरी–कैंची मोड़ रूट से आने वाले वाहन: पुलिस ग्राउंड धर्मशाला
एसपी अशोक रत्न ने दर्शकों से अनुरोध किया है कि वे निर्धारित रूटों का पालन करें, ताकि यातायात सुचारू रहे और सुरक्षा व्यवस्था प्रभावी ढंग से लागू की जा सके।