पलवल। पलवल जिले के बंचारी गांव में मानवता को शर्मसार करने वाली घटना सामने आई है। चोरी के संदेह में 12 वर्षीय बच्चे को बेरहमी से प्रताड़ित किया गया। आरोप है कि तीन युवकों ने नाबालिग के पैर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी और उसे बिजली का करंट भी लगाया, जिससे उसकी हालत गंभीर हो गई। पुलिस ने पीड़ित बच्चे की मां की शिकायत पर तीन आरोपितों के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट समेत विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुंडकटी थाना प्रभारी तेजपाल सिंह के अनुसार, बंचारी गांव निवासी सविता ने शिकायत में बताया कि उसका 12 वर्षीय बेटा आदित्य शादी समारोहों में लाइट पकड़ने का काम करता है। 10 दिसंबर की रात वह दो अन्य बच्चों के साथ काम समाप्त कर घर लौट रहा था। इसी दौरान रास्ते में एक कार में सवार तीन लोग आए और बच्चों को अपने पास बुलाया।
जैसे ही बच्चे उनके पास पहुंचे, आरोपितों ने उन पर चोरी का आरोप लगाते हुए मारपीट शुरू कर दी। आदित्य के साथ मौजूद दो अन्य बच्चे मौके से भागने में सफल रहे, लेकिन आदित्य को पकड़ लिया गया। आरोपितों ने उसे बेरहमी से पीटा और फिर उसके पैर में पेट्रोल डालकर आग लगा दी। इतना ही नहीं, नाबालिग को बिजली का करंट भी दिया गया, जिससे वह बेहोश हो गया और उसकी हालत बेहद नाजुक हो गई।
बताया जा रहा है कि जब बच्चे की स्थिति बिगड़ने लगी तो आरोपितों ने खुद पुलिस को सूचना दी और उसे पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने तुरंत घायल बच्चे को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उसकी हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है।
पुलिस ने पीड़ित की मां सविता की शिकायत पर गांव के ही बृजेश, बुलंदी और राजेंद्र के खिलाफ एससी-एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं सहित अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।