नई दिल्ली | केरल के मल्लापुरम जिले में नगर निकाय चुनाव के बाद सत्तारूढ़ सीपीएम (CPM) के नेता सैयद अली मजीद के बयान ने राजनीतिक और सामाजिक विवाद पैदा कर दिया। जीत का जश्न मनाते हुए मजीद ने महिलाओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की, जिसे लेकर सोशल मीडिया और स्थानीय स्तर पर कड़ी आलोचना हो रही है।
जानकारी के अनुसार, मजीद ने पिछले हफ्ते हुए नगर निकाय चुनाव में 47 वोट से जीत दर्ज की थी। इसी जीत के अवसर पर आयोजित एक कार्यक्रम में उन्होंने मुस्लिम लीग पर महिलाओं को वोट के लिए इस्तेमाल करने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि विपक्षी पार्टी महिलाओं को सिर्फ वोट जीतने के लिए प्रस्तुत करती है।
इसके साथ ही मजीद ने अपनी ही पार्टी की महिलाओं को लेकर भी विवादास्पद टिप्पणी की। उन्होंने कहा, “हमारे घरों में भी शादीशुदा महिलाएं हैं, लेकिन उन्हें वोट के लिए दिखाने की जरूरत नहीं। उन्हें घर में ही रहना चाहिए।” उन्होंने यह भी जोड़ा कि परिवार शादी से पहले खानदान और पृष्ठभूमि की जांच करते हैं।
इन बयानों के बीच नगर निकाय चुनाव के नतीजे एलडीएफ (LDF) के लिए झटके के रूप में सामने आए। कांग्रेस के नेतृत्व वाले यूनाइटेड डेमोक्रेटिक फ्रंट (UDF) ने छह में से चार नगर निगमों में जीत दर्ज की, जबकि कन्नूर में कब्जा बनाए रखा और कोच्चि व कोल्लम जैसे निगम एलडीएफ से छीन लिए।
राज्य की राजधानी तिरुवनंतपुरम में बीजेपी नेतृत्व वाले एनडीए ने नगर निगम पर कब्जा कर एलडीएफ की स्थिति और खराब कर दी। नए 101 सदस्यीय निगम में एनडीए को 50 सीटें, एलडीएफ को 29 सीटें, यूडीएफ को 19 सीटें और 2 सीटें निर्दलीयों के खाते में गईं।