नई दिल्ली I देश में ठंड का प्रकोप बढ़ता जा रहा है और ज्यादातर इलाकों में गलन और ठिठुरन महसूस की जा रही है। शीतलहर का असर अब आधे से अधिक राज्यों में देखा जा रहा है और तापमान लगातार तेजी से गिर रहा है। मौसम विभाग ने कई राज्यों में अलर्ट जारी कर सावधानी बरतने को कहा है।
मौसम विभाग के अनुसार, उत्तर प्रदेश और मध्य प्रदेश के कुछ इलाकों में 16 और 17 दिसंबर को सुबह के समय घना से बहुत घना कोहरा छाए रहने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली और हिमाचल प्रदेश के साथ-साथ पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों में भी आज घना कोहरा रहने की उम्मीद है। इसके अलावा IMD ने मध्य प्रदेश, राजस्थान और दक्षिणी यूपी में शीतलहर को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं, तमिलनाडु और अंडमान-निकोबार द्वीप समूह में बारिश को लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है।
पहाड़ी राज्यों में बारिश और बर्फबारी की संभावना:
मौसम विभाग का कहना है कि जम्मू-कश्मीर में मौसम तेजी से बदल रहा है। 17 दिसंबर तक राज्य में मौसम शुष्क रहेगा, लेकिन 17-18 दिसंबर को बादल छाने की संभावना है। 20-21 दिसंबर से चिल्लई कलां की एंट्री के साथ हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है। आने वाले दिनों में हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड के कुछ हिस्सों में भी बारिश और बर्फबारी की संभावना जताई गई है।
राजस्थान में कड़क ठंड:
राजस्थान में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के करीब पहुंच गया है। पूर्वी और पश्चिमी राजस्थान में हल्का कोहरा छाए रहने की संभावना है। कई इलाकों में शीतलहर के कारण ठंड का असर और बढ़ने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने जनता से सावधानी बरतने और ठंड से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।