चंडीगढ़ | ऑल टाइम हाई स्तर पर पहुंचने के बाद मंगलवार को सोने और चांदी के वायदा कारोबार में कमजोरी देखने को मिली। घरेलू वायदा बाजार में दोनों कीमती धातुएं गिरावट के साथ खुलीं और कारोबार के दौरान दबाव में रहीं।
खबर लिखे जाने तक MCX पर 10 ग्राम सोने का भाव करीब 1,33,805 रुपये पर कारोबार करता नजर आया, जबकि चांदी का वायदा भाव 1,96,401 रुपये प्रति किलोग्राम के आसपास रहा। एक दिन पहले ही सोने ने 1.35 लाख रुपये प्रति 10 ग्राम का स्तर पार कर नया रिकॉर्ड बनाया था।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी नरमी
वैश्विक बाजारों में भी सोना और चांदी दबाव में नजर आए। कॉमेक्स (Comex) पर सोना 4,334.30 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जबकि पिछला बंद भाव 4,335.20 डॉलर था। कारोबार के दौरान इसमें गिरावट आई और यह करीब 23.50 डॉलर फिसलकर 4,311.70 डॉलर प्रति औंस पर ट्रेड करता दिखा। इस साल सोने ने अंतरराष्ट्रीय बाजार में 4,398 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर छुआ था।
वहीं, कॉमेक्स पर चांदी 64.11 डॉलर प्रति औंस पर खुली, जबकि पिछला बंद भाव 63.58 डॉलर था। खबर लिखे जाने के समय यह 0.88 डॉलर की गिरावट के साथ 63.70 डॉलर प्रति औंस के आसपास कारोबार कर रही थी। इस वर्ष चांदी ने 65.08 डॉलर प्रति औंस का उच्चतम स्तर दर्ज किया है।
बाजार विशेषज्ञों के अनुसार, रिकॉर्ड ऊंचाई के बाद निवेशकों की मुनाफावसूली और वैश्विक संकेतों के चलते कीमती धातुओं में फिलहाल उतार-चढ़ाव बना रह सकता है।