रेवाड़ी | हरियाणा के रेवाड़ी जिले में दिल्ली-जयपुर हाईवे (एनएच-48) पर सोमवार देर रात सनसनीखेज वारदात सामने आई। बदमाशों ने ओला कैब चालक को गोली मारकर उसकी कैब और 18 हजार रुपये नकद लूट लिए। घायल चालक को इलाज के लिए शहर के ट्रॉमा सेंटर में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
घटना रात करीब 1:30 बजे कसौला थाना क्षेत्र की है। उत्तर प्रदेश निवासी संजय दिल्ली में रहकर ओला कैब चलाता है। सोमवार रात दो युवकों ने उसकी कैब दिल्ली से जयपुर जाने के लिए बुक की थी। रास्ते में जब कैब कसौला थाना क्षेत्र में सुनसान जगह पर पहुंची, तभी एक बदमाश ने संजय की कनपटी पर पिस्टल तान दी।
चालक ने विरोध किया तो बदमाश ने उसकी जांघ में गोली मार दी। गोली लगने से संजय गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद दोनों बदमाश उसे कार में ही घुमाते रहे और कैब पर कब्जा कर लिया।
सुबह करीब पांच बजे बदमाश घायल चालक को रेवाड़ी शहर की सर्कुलर रोड स्थित गुरुद्वारे के पास फेंककर फरार हो गए। जाते समय आरोपी संजय की जेब से 18 हजार रुपये नकद भी लूट ले गए और उसकी स्विफ्ट डिजायर कार अपने साथ ले गए।
सूचना मिलने के बाद कसौला थाना पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने पीड़ित के बयान के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है और बदमाशों की तलाश शुरू कर दी गई है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि आरोपियों का सुराग लगाया जा सके।