रोहतक | रोहतक में दिल्ली रोड स्थित तिलयार चिड़ियाघर परिसर में एक युवक के मगरमच्छ के बाड़े में घुसने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है। वीडियो में युवक बाड़े के अंदर मगरमच्छों पर ईंट और पत्थर फेंकते दिखाई दे रहा है। यह घटना बेहद खतरनाक और जानलेवा हो सकती थी। वीडियो युवक के साथियों ने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड करके वायरल किया।
चिड़ियाघर के इंस्पेक्टर राजेश कुमार ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और युवक के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस जांच में पुलिस की भी मदद ली जा रही है।
अधिकारियों ने जनता से अपील की है कि चिड़ियाघर और अन्य वन्यजीव केंद्रों में सुरक्षा नियमों का पालन किया जाए और जानवरों के साथ इस तरह की हिंसक हरकतें न की जाएँ।