जालंधर | जालंधर में पुलिस और शूटरों के बीच हुई मुठभेड़ से इलाके में हड़कंप मच गया। बुलंदपुर के पास पुलिस ने संदिग्ध दो युवकों को रुकने का इशारा किया, लेकिन उन्होंने पुलिस टीम पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने पीछा किया और दोनों ओर से ताबड़तोड़ गोलियां चलीं।
मुठभेड़ के दौरान दोनों शूटर, तेजी और हर्ष गोली लगने से घायल हो गए। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए उन्हें काबू में लिया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, दोनों आरोपी करवाचौथ के दिन बटाला में हुई फायरिंग की वारदात में शामिल थे।
गौरतलब है कि बटाला के खजूरी गेट चौक के पास इन शूटरों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी, जिसमें आठ लोग गोली लगने से घायल हुए थे। इस हमले में दो लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से जख्मी हुए थे।
फिलहाल पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है। आरोपियों से पूछताछ जारी है और उनके नेटवर्क व हथियारों की बरामदगी को लेकर कार्रवाई की जा रही है। इलाके में सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है।