मुंबई। मुंबई के अंधेरी वेस्ट इलाके में गुरुवार सुबह एक 23 मंजिला आवासीय इमारत में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। हालांकि दमकल विभाग की तत्परता से बड़ा हादसा टल गया और इमारत में फंसे करीब 40 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। इस घटना में किसी के हताहत होने की सूचना नहीं है।
अधिकारियों के अनुसार, वीरा देसाई रोड पर कंट्री क्लब के पास स्थित सोरेंटो टावर में सुबह करीब 10 बजे आग लगी। आग की सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और तत्काल रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थिति पर काबू पाने के लिए चार दमकल गाड़ियों और विशेष उपकरणों को लगाया गया।
एक सिविक अधिकारी ने बताया कि 16वीं मंजिल के रिफ्यूज एरिया से सीढ़ियों के माध्यम से 30 से 40 लोगों को सुरक्षित निकाला गया। वहीं, 15वीं मंजिल के एक फ्लैट में फंसे एक महिला समेत तीन लोगों को ब्रीदिंग अपैरेटस की मदद से सुरक्षित बाहर लाया गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, आग 10वीं से 21वीं मंजिल के बीच स्थित इलेक्ट्रिकल शाफ्ट में लगी थी। इसमें वायरिंग, अन्य तकनीकी उपकरण, राउटर, शू-रैक और विभिन्न मंजिलों पर डक्ट के पास रखा लकड़ी का फर्नीचर प्रभावित हुआ है। दमकल कर्मियों ने करीब 11:37 बजे आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है। संबंधित विभाग मामले की जांच कर रहा है और इमारत की सुरक्षा व्यवस्था की भी समीक्षा की जा रही है।