यमुनानगर। खंड साडोरा के गांव शामपुर में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत से इलाके में सनसनी फैल गई। गांव के सरपंच जसबीर राठी की 47 वर्षीय पत्नी बलजिंदर कौर का शव पशु बाड़े में बनी पानी की हौदी से बरामद हुआ है। परिजनों ने इसे हत्या करार देते हुए गंभीर आरोप लगाए हैं, जबकि पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, बलजिंदर कौर मंगलवार रात करीब साढ़े नौ बजे पशुओं को देखने के लिए पशु बाड़े की ओर गई थी। काफी देर तक घर न लौटने पर परिजनों ने पहले आसपास और गांव में तलाश की, लेकिन कोई सुराग नहीं मिला। बाद में जब परिजन पशु बाड़े पहुंचे तो वहां पानी की हौदी में उनका शव मिला। महिला का मुंह पानी में डूबा हुआ था, जबकि दोनों पांव बाहर की ओर लटके हुए थे।
घटनास्थल से टूटी हुई चूड़ियां बरामद हुई हैं और आसपास अज्ञात व्यक्तियों के पांव के निशान भी दिखाई दिए। इसके अलावा मृतका के माथे पर चोट के निशान पाए गए हैं, जिससे मामला और अधिक संदिग्ध हो गया है। परिजन तुरंत महिला को अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद अस्पताल प्रशासन ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम अस्पताल और घटनास्थल पर पहुंची। मौके का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए गए और आसपास के लोगों से पूछताछ की गई। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है, ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा सके।
थाना प्रभारी प्रमोद वालिया ने बताया कि मामले की हर एंगल से गहन जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस सभी संभावनाओं को ध्यान में रखते हुए कार्रवाई कर रही है।