नई दिल्ली | घरेलू और अंतरराष्ट्रीय बाजारों में सोने-चांदी की कीमतों में 26 दिसंबर को तेज उछाल देखने को मिला। इस सप्ताह लगातार चौथे कारोबारी दिन शुक्रवार को कीमती धातुओं के वायदा भाव ऑल टाइम हाई पर पहुंच गए। मजबूत वैश्विक संकेतों के बीच निवेशकों की बढ़ती मांग ने कीमतों को नई ऊंचाइयों पर पहुंचा दिया है।
खबर लिखे जाने तक मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने के वायदा भाव करीब 1,39,089 रुपये प्रति 10 ग्राम पर कारोबार कर रहे थे, जबकि चांदी के वायदा भाव 2,31,800 रुपये प्रति किलो के आसपास बने हुए थे। घरेलू बाजार के साथ-साथ अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी सोने-चांदी में रिकॉर्ड तेजी दर्ज की गई।
अंतरराष्ट्रीय बाजार में भी रिकॉर्ड तेजी
वैश्विक बाजारों में शुक्रवार को सोने-चांदी के वायदा कारोबार ने नए कीर्तिमान स्थापित किए। कॉमेक्स
(Comex) पर सोना 4,523.50 डॉलर प्रति औंस पर खुला, जो पिछली क्लोजिंग 4,502.80 डॉलर से अधिक था। कारोबार के दौरान इसमें और मजबूती आई और यह 35.50 डॉलर की तेजी के साथ 4,538.30 डॉलर प्रति औंस पर पहुंच गया। दिन के दौरान सोने ने 4,561.60 डॉलर प्रति औंस का सर्वोच्च स्तर भी छू लिया।
वहीं, कॉमेक्स पर चांदी के वायदा भाव 72.72 डॉलर प्रति औंस पर खुले, जबकि पिछला बंद भाव 71.68 डॉलर था। कारोबार के दौरान चांदी में जोरदार तेजी आई और यह 3.54 डॉलर उछलकर 75.22 डॉलर प्रति औंस पर कारोबार करती नजर आई। चांदी ने दिन में 75.49 डॉलर प्रति औंस का नया रिकॉर्ड स्तर दर्ज किया।
बाजार विशेषज्ञों के मुताबिक, वैश्विक अनिश्चितताओं, कमजोर डॉलर और सुरक्षित निवेश की बढ़ती मांग के चलते आने वाले दिनों में सोने-चांदी की कीमतों में उतार-चढ़ाव के साथ मजबूती बनी रह सकती है।