लुधियाना । लुधियाना जिला पुलिस ने लूटपाट की वारदातों को अंजाम देने वाले एक गिरोह का भंडाफोड़ करते हुए चार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 16 चोरी के मोबाइल फोन, तीन मोटरसाइकिलें और एक खिलौना पिस्टल बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, यह गिरोह सुनसान इलाकों में राहगीरों को निशाना बनाता था। आरोपी खिलौना पिस्टल और धारदार हथियार दिखाकर लोगों को डराते और उनसे मोबाइल फोन व अन्य कीमती सामान लूट लेते थे। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद थाना सलेम टाबरी पुलिस ने विशेष रणनीति बनाकर जाल बिछाया और चारों बदमाशों को काबू कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान जसवीर, सोमनाथ, मनप्रीत और पृथ्वी राज के रूप में हुई है। प्रारंभिक पूछताछ में कई वारदातों में उनकी संलिप्तता के संकेत मिले हैं। पुलिस अब आरोपियों से गहन पूछताछ कर रही है, ताकि उनके नेटवर्क, अन्य साथियों और पहले की गई लूट की घटनाओं का खुलासा किया जा सके।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही इस मामले में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस कर गिरोह से जुड़ी पूरी जानकारी सार्वजनिक की जाएगी। जिला पुलिस ने आम लोगों से अपील की है कि किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि अपराध पर प्रभावी नियंत्रण लगाया जा सके।