पलवल |हरियाणा के पलवल जिले में साइबर ठगी का एक गंभीर मामला सामने आया है, जहां ठगों ने महज जन्मतिथि की जानकारी हासिल कर एक व्यक्ति के बैंक खाते से 10 लाख रुपये निकाल लिए। धोखाधड़ी का पता चलते ही पीड़ित के होश उड़ गए। मामले की शिकायत साइबर थाना पलवल में दर्ज कराई गई है, जिसके बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
होडल क्षेत्र के पैगलतू गांव निवासी जयराम शर्मा ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 26 दिसंबर को उनके मोबाइल फोन पर एक कॉल आई। कॉल करने वाले ने खुद को बैंक का कर्मचारी बताते हुए खाते से संबंधित जानकारी के नाम पर उनकी जन्मतिथि पूछी। भरोसा कर जयराम शर्मा ने अपनी जन्मतिथि साझा कर दी।
इसके बाद 29 दिसंबर 2025 को शाम करीब चार बजे उनके मोबाइल पर लगातार तीन मैसेज आए, जिनमें खाते से पहले एक लाख रुपये, फिर पांच लाख रुपये और अंत में चार लाख रुपये निकाले जाने की सूचना मिली। बैंक पहुंचने पर उन्हें पता चला कि उनके खाते में एक फर्जी ई-मेल आईडी जोड़ दी गई थी, जिसके जरिए ठगों ने लेनदेन को अंजाम दिया।
पीड़ित ने तत्काल साइबर पुलिस को ऑनलाइन शिकायत दर्ज कराई। प्रारंभिक जांच में धोखाधड़ी की पुष्टि होने पर साइबर थाना पलवल पुलिस ने 30 दिसंबर को मामला दर्ज कर लिया। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर ठगों की पहचान की जा रही है और जल्द ही आरोपियों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।