नई दिल्ली | साल के अंतिम कारोबारी दिन बुधवार (31 दिसंबर) को सोने और चांदी की कीमतों में तेज गिरावट दर्ज की गई। ऑलटाइम हाई के बाद दोनों कीमती धातुओं में मुनाफावसूली देखने को मिली। मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोने का भाव 0.35 प्रतिशत गिरकर 1,35,962 रुपये प्रति 10 ग्राम पर आ गया, जबकि चांदी की कीमत में 4.13 प्रतिशत की बड़ी गिरावट दर्ज की गई और यह 2,40,650 रुपये प्रति किलोग्राम पर कारोबार कर रही है।
अंतरराष्ट्रीय बाजारों में कमजोरी का असर घरेलू बाजार पर भी साफ दिखा। विशेषज्ञों के मुताबिक वैश्विक संकेतों और निवेशकों की मुनाफावसूली के चलते कीमतों में यह गिरावट आई है।
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के सर्राफा बाजार में मंगलवार को चांदी 1,000 रुपये की तेजी के साथ 2.41 लाख रुपये प्रति किलोग्राम के नए रिकॉर्ड स्तर पर पहुंची थी। हालांकि सोने की कीमतों में लगातार दूसरे दिन गिरावट दर्ज की गई। 99.9 प्रतिशत शुद्धता वाला सोना 2,800 रुपये टूटकर 1,39,000 रुपये प्रति 10 ग्राम (सभी करों सहित) रह गया।
रिलायंस सिक्योरिटीज के वरिष्ठ शोध विश्लेषक जिगर त्रिवेदी के अनुसार, अल्पकालिक उतार-चढ़ाव के बावजूद चांदी को मजबूत औद्योगिक मांग और आपूर्ति संबंधी चुनौतियों से समर्थन मिल रहा है। सौर ऊर्जा, इलेक्ट्रॉनिक्स और डेटा सेंटर जैसे क्षेत्रों में बढ़ती मांग से आगे चलकर कीमतों को सहारा मिल सकता है।