नई दिल्ली। भारतीय रेलवे देश को पहली वंदे भारत स्लीपर ट्रेन की सौगात देने जा रहा है। लंबे समय से जिस हाईटेक स्लीपर ट्रेन का इंतजार किया जा रहा था, उसका रूट अब आधिकारिक रूप से घोषित कर दिया गया है। यह अत्याधुनिक वंदे भारत स्लीपर ट्रेन गुवाहाटी और कोलकाता के बीच चलेगी, जिससे पूर्वोत्तर भारत को बड़ी कनेक्टिविटी सुविधा मिलेगी।
रेलवे सूत्रों के अनुसार, इस ट्रेन का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। नए साल 2026 में 17 या 18 जनवरी को इसके संचालन की शुरुआत होने की संभावना है। यह देश की पहली वंदे भारत ट्रेन होगी, जिसमें यात्रियों को स्लीपर क्लास की सुविधा मिलेगी, जिससे लंबी दूरी की रात की यात्रा और अधिक आरामदायक हो सकेगी।
वंदे भारत स्लीपर ट्रेन को आधुनिक तकनीक और विश्वस्तरीय सुविधाओं से लैस किया गया है। इसमें बेहतर सस्पेंशन, आधुनिक कोच डिजाइन, उन्नत सुरक्षा प्रणाली और आरामदायक बर्थ्स की सुविधा होगी। रेलवे का दावा है कि यह ट्रेन न केवल यात्रा समय कम करेगी, बल्कि यात्रियों को प्रीमियम अनुभव भी देगी।
गुवाहाटी से कोलकाता के बीच इस ट्रेन के चलने से असम और आसपास के राज्यों के यात्रियों को सीधा लाभ मिलेगा। खासतौर पर व्यापार, पर्यटन और शिक्षा के क्षेत्र में इसका सकारात्मक असर देखने को मिलेगा।
हालांकि किराए को लेकर अभी आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है, लेकिन माना जा रहा है कि यह किराया राजधानी और अन्य प्रीमियम ट्रेनों के आसपास हो सकता है। रेलवे जल्द ही टाइमटेबल और किराए से जुड़ी पूरी जानकारी जारी करेगा।