सोनीपत | सोनीपत जिले के गन्नौर क्षेत्र के गांव राजपुर में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। दिल्ली पुलिस से चार महीने पहले सेवानिवृत्त हुए सब-इंस्पेक्टर दलबीर का शव उनके घर के पास एक खाली प्लॉट में मिला है। दलबीर दिव्यांग थे और कई साल पहले हुए एक हादसे में उनका आधा पैर कट गया था।
शव मिलने की सूचना मिलते ही गन्नौर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस सूत्रों के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है। घटना की गंभीरता को देखते हुए फोरेंसिक टीम को भी मौके पर बुलाया गया है, जो साक्ष्य जुटाने में लगी हुई है।
पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और हर पहलू से मामले की जांच की जा रही है। फिलहाल शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजने की प्रक्रिया की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और फोरेंसिक जांच के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
इस घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।