अंबाला |कैंट क्षेत्र के टुंडला गांव में रंजिश के चलते बदमाशों द्वारा घर पर हमला कर फायरिंग करने का गंभीर मामला सामने आया है। आरोप है कि भूप्पी राणा गैंग से जुड़े अमन सोनकर के साथियों ने गांव निवासी रणधीर सिंह के घर पर धावा बोल दिया और उस पर पिस्टल से फायरिंग की। गनीमत रही कि रणधीर सिंह समय रहते बच गए।
पीड़ित रणधीर सिंह ने पंजोखरा थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह खेती-बाड़ी करता है और घटना के समय अपने घर पर मौजूद था। इसी दौरान अमन सोनकर ने फोन कर आरोप लगाया कि टुंडला गांव के एक युवक ने उसके लड़के का बैग उठा लिया है। बाद में बातचीत के बहाने अमन सोनकर ने अपने साथियों को रणधीर के घर भेज दिया।
आरोप है कि सत्यम, शिवम, मोनू, आकाश, राजू सहित करीब एक दर्जन युवक चार मोटरसाइकिल और तीन एक्टिवा पर सवार होकर घर पहुंचे। बातचीत शुरू होते ही उन्होंने झगड़ा करना शुरू कर दिया। इसी दौरान सत्यम ने पिस्टल निकालकर रणधीर पर गोली चला दी, जो सौभाग्य से चूक गई।
जान बचाने के लिए रणधीर और उसके साथ मौजूद लोगों ने हमलावरों पर कांच की बोतलें फेंकी, जिसके बाद बदमाश मौके से फरार हो गए। भागते समय एक्टिवा सवार दो आरोपियों को रोकने की कोशिश की गई, लेकिन वे वाहन और बैग छोड़कर भाग निकले।
घटना की सूचना मिलते ही पंजोखरा थाना पुलिस के साथ सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमें मौके पर पहुंचीं और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने रणधीर की शिकायत के आधार पर सत्यम, शिवम, मोनू, आकाश, राजू सहित अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है।
इस वारदात के बाद गांव में दहशत का माहौल है। गांव के पूर्व सरपंच बिल्लू ने घटना पर रोष जताते हुए कहा कि अपराधियों के हौसले इतने बढ़ गए हैं कि वे अब गांवों तक पहुंच रहे हैं। उन्होंने इस संबंध में परिवहन एवं ऊर्जा मंत्री अनिल विज और पुलिस अधीक्षक अजीत सिंह से मुलाकात करने की बात कही है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आपसी विवाद के बाद फायरिंग की घटना हुई है। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है और मामले की गहन जांच जारी है।