गुरुग्राम | नववर्ष की पार्टी के लिए डांस पार्टनर ढूंढना एक युवक को भारी पड़ गया। गुरुग्राम में ऑनलाइन वेबसाइट के जरिए संपर्क करना युवक के लिए ठगी का कारण बन गया, जहां एक गिरोह ने युवती दिखाने के बहाने बुलाकर उसके साथ मारपीट की और हजारों रुपये लूट लिए।
पीड़ित युवक ने पुलिस को बताया कि 28 दिसंबर को वह सेक्टर-29 स्थित एक क्लब में मौजूद था। इसी दौरान उसने 31 दिसंबर की न्यू ईयर पार्टी के लिए डांस पार्टनर की तलाश में जस्ट डायल वेबसाइट पर दिए गए एक नंबर पर कॉल किया। कॉल करने के बाद उसे भरोसा दिलाया गया कि न्यू ईयर के दिन लड़की उपलब्ध करा दी जाएगी।
इसके बाद 29 दिसंबर को युवक को लड़की देखने के बहाने सुशांत लोक बुलाया गया। तय स्थान पर पहुंचने पर वहां एक कार खड़ी मिली, जिसमें कर्ण, भविष्य और विशाल नाम के तीन युवक मौजूद थे। आरोपियों ने लड़की आने की बात कहकर युवक को कार में बैठा लिया।
कार में बैठते ही आरोपी युवक को सुनसान इलाके में ले गए, जहां उसके साथ मारपीट की गई। आरोपियों ने उसका पर्स और मोबाइल फोन छीन लिया। मोबाइल के जरिए उसके बैंक खाते से करीब सात हजार रुपये ट्रांसफर कर लिए गए, जबकि पर्स से साढ़े तीन हजार रुपये नकद निकाल लिए गए। वारदात के बाद आरोपी युवक को सुनसान जगह पर छोड़कर फरार हो गए।
पीड़ित की शिकायत पर सेक्टर-29 थाने में मामला दर्ज किया गया। जांच के दौरान सेक्टर-40 क्राइम ब्रांच की टीम ने दो आरोपियों भविष्य और विशाल को गिरफ्तार कर लिया। दोनों राजस्थान के तिजारा के रहने वाले हैं और फिलहाल तीन दिन के पुलिस रिमांड पर हैं।
पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि इस ठगी का मास्टरमाइंड कर्ण है, जिसने जस्ट डायल पर डांस पार्टनर उपलब्ध कराने की फर्जी सर्विस डाल रखी थी। जिस नंबर पर युवक ने कॉल किया था, वह कर्ण का ही बताया जा रहा है। फिलहाल कर्ण फरार है और पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई है।
आरोपियों ने पूछताछ में स्वीकार किया है कि उन्होंने कम समय में ज्यादा पैसे कमाने के लालच में इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस ने उनके पास से तीन हजार रुपये बरामद किए हैं और मामले की जांच जारी है।