नई दिल्ली I उत्तर-पूर्वी राज्य सिक्किम में शनिवार सुबह भूकंप के हल्के झटके महसूस किए गए। सिक्किम के सोरेंग शहर में 3 जनवरी 2026 को सुबह करीब 5 बजकर 58 मिनट पर आए इस भूकंप की तीव्रता रिक्टर स्केल पर 3.9 मापी गई।
भूकंप के झटके महसूस होते ही लोग दहशत में अपने घरों से बाहर निकल आए। हालांकि राहत की बात यह रही कि अब तक किसी तरह के जान-माल के नुकसान की कोई सूचना सामने नहीं आई है।
राष्ट्रीय भूकंप विज्ञान केंद्र (NCS) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी साझा करते हुए बताया कि भूकंप का केंद्र जमीन के अंदर लगभग 5 किलोमीटर की गहराई पर था। तीव्रता कम होने के कारण भूकंप से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।
हालांकि, प्रशासन ने लोगों से सतर्क रहने और किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा निर्देशों का पालन करने की अपील की है। भूकंप संभावित क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी गई है।