महेंद्रगढ़ । हरियाणा सरकार ने जिले में स्वास्थ्य ढांचे को मजबूत करने की दिशा में अहम कदम उठाया है। महेंद्रगढ़ जिले के गांव खातोदड़ा में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (PHC) खोलने के लिए मुख्यमंत्री घोषणा में संशोधन को मंजूरी दे दी गई है। इस फैसले से क्षेत्र के लोगों को बुनियादी स्वास्थ्य सुविधाएं उनके नजदीक ही उपलब्ध हो सकेंगी।
स्वास्थ्य मंत्री आरती सिंह राव ने जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की स्वीकृति के बाद इस परियोजना को हरी झंडी मिल गई है। उन्होंने कहा कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के शुरू होने से ग्रामीण क्षेत्र के हजारों लोगों को समय पर इलाज, जांच और प्राथमिक चिकित्सा सुविधाओं का लाभ मिलेगा।
स्वास्थ्य मंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार और आधुनिकीकरण को प्राथमिकता दे रही है। ग्रामीण क्षेत्रों में मजबूत स्वास्थ्य ढांचा विकसित करना सरकार की जनकल्याणकारी नीति का अहम हिस्सा है, ताकि लोगों को इलाज के लिए दूर-दराज के अस्पतालों में न भटकना पड़े।
उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य है कि हर नागरिक को समय पर, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएं। खातोदड़ा गांव में बनने वाला यह प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र क्षेत्र के लिए एक महत्वपूर्ण सौगात साबित होगा और जिले की स्वास्थ्य व्यवस्था को नई मजबूती देगा।