कैथल | कैथल के जाखोली अड्डा क्षेत्र में बीती रात चोरों ने बेखौफ होकर बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम दिया। अज्ञात चोरों ने एक ही रात में आठ वाहनों के शीशे तोड़कर उनमें रखी नकदी, कीमती सामान और कई गाड़ियों की बैटरियां चोरी कर लीं। इस घटना के बाद इलाके में दहशत और आक्रोश का माहौल बना हुआ है। पीड़ित वाहन मालिकों ने सिविल लाइन थाना में शिकायत दर्ज कराई है, जिस पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार जाखोली अड्डा के समीप स्थित रिहायशी इलाके में रात के समय कई वाहन मकानों के बाहर खड़े थे। देर रात लोग गहरी नींद में थे, इसी का फायदा उठाकर चोरों ने एक के बाद एक गाड़ियों को निशाना बनाया। शीशे टूटने की आवाजें आने के बावजूद रात का सन्नाटा होने के कारण किसी को समय पर भनक नहीं लगी और आरोपी वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए।
घटना के बाद आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली गई, जिसमें कुछ संदिग्ध युवक नजर आए। फुटेज के आधार पर स्थानीय लोगों ने एक आरोपी की पहचान करने का दावा किया। इसके बाद कुछ लोग आरोपी के घर शिकायत लेकर पहुंचे, लेकिन वहां स्थिति बिगड़ गई। आरोप है कि बस्ती के कुछ लोगों ने शिकायत करने पहुंचे लोगों के साथ मारपीट कर दी, जिससे इलाके में तनाव की स्थिति बन गई।
स्थानीय निवासी रामकुमार, प्रदीप सहित अन्य लोगों का कहना है कि जाखोली अड्डा के पास स्थित स्लम बस्ती लंबे समय से आपराधिक गतिविधियों का गढ़ बनी हुई है। उनका आरोप है कि यहां के कुछ युवक रात के समय चोरी और लूट जैसी वारदातों को अंजाम देते हैं। धान और गेहूं के सीजन में ट्रकों से अनाज की बोरियां चोरी होने की घटनाएं भी सामने आती रही हैं। लोगों ने प्रशासन से क्षेत्र में पुलिस गश्त बढ़ाने और आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
वहीं सिविल लाइन थाना के एसएचओ रामनिवास ने बताया कि सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई थी। पीड़ितों की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर जांच जारी है। उन्होंने कहा कि जांच के बाद दोषियों के खिलाफ कानून के अनुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी।