बहादुरगढ़ | हरियाणा के बहादुरगढ़ में चोरों के हौसले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। शुक्रवार तड़के लाइनपार क्षेत्र में स्थित डीसी ज्वेलर्स में चोरों ने एक बार फिर बड़ी वारदात को अंजाम दिया। करीब छह चोरों ने दुकान का शटर उखाड़कर अंदर प्रवेश किया और नकदी व आभूषण समेत लगभग 10 लाख रुपये का सामान चोरी कर लिया। पूरी वारदात दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हुई है।
जानकारी के अनुसार यह चोरी सुबह करीब तीन बजे हुई। चोर पूरी तैयारी के साथ आए थे। वारदात से पहले उन्होंने आसपास के घरों के दरवाजे बाहर से बंद कर दिए, ताकि कोई बाहर न निकल सके। इसके बाद उन्होंने पुराना बराही मार्ग रेलवे फाटक के पास स्थित ज्वेलर्स शॉप का शटर उखाड़ा और अंदर रखी नकदी व जेवर समेटकर फरार हो गए।
हालांकि शोर-शराबा होने पर कुछ लोग जाग गए और घरों की छतों से चोरों की ओर ईंटें फेंकी, जिसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले। सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थल पर पहुंचीं और जांच शुरू की। ज्वेलर्स एसोसिएशन के सदस्य भी मौके पर पहुंचे और घटना पर रोष जताया।
गौरतलब है कि बहादुरगढ़ में इससे पहले भी ज्वेलर्स शॉप में कई बड़ी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, जिनमें से अधिकतर अब तक अनसुलझी हैं। दीवाली से पहले कोमल ज्वेलर्स में हुई करोड़ों की चोरी का मामला भी अभी तक पुलिस के लिए चुनौती बना हुआ है। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों और स्थानीय लोगों में दहशत का माहौल है।