Shimla, Sanju-:हिमाचल प्रदेश के सोलन जिला के अर्की कस्बे में देर रात एक भीषण आगजनी की घटना सामने आई है, जिसने पूरे क्षेत्र को दहला कर रख दिया। इस दर्दनाक हादसे में बिहार निवासी 8 वर्षीय मासूम बच्चे की मौत हो गई, जबकि कुछ लोगों के अब भी लापता होने की सूचना है। आगजनी से अर्की बाजार में भारी नुकसान हुआ है, जहां कई दुकानें और मकान जलकर खाक हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही अर्की विधानसभा क्षेत्र के विधायक संजय अवस्थी मौके पर पहुंचे और हालात का जायजा लिया। उन्होंने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ घटनास्थल का निरीक्षण किया और राहत एवं बचाव कार्यों को तेज करने के निर्देश दिए। विधायक ने कहा कि इस समय प्रशासन की पहली प्राथमिकता सभी प्रभावित लोगों को सुरक्षित बाहर निकालना है।
संजय अवस्थी ने बताया कि आगजनी की इस दुखद घटना में 10 से 15 दुकानों और रिहायशी मकानों को भारी नुकसान पहुंचा है। मृतक बच्चा बिहार का रहने वाला था, जिसे आग से बाहर तो निकाल लिया गया था, लेकिन अस्पताल ले जाते समय उसकी रास्ते में ही मौत हो गई। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।उन्होंने जानकारी दी कि अभी भी कुछ लोगों के लापता होने की आशंका जताई जा रही है, जिनमें नेपाल के रहने वाले कुछ लोग भी शामिल बताए जा रहे हैं। उनकी तलाश के लिए पुलिस, होमगार्ड, एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमें लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही हैं। आग पर काबू पा लिया गया है, लेकिन मलबे में दबे लोगों की तलाश जारी है।
विधायक ने बताया कि मृतक बच्चे के परिवार को प्रशासन और उनकी ओर से फौरी राहत राशि प्रदान कर दी गई है। उन्होंने कहा कि पीड़ित परिवारों और दुकानदारों को भी हर संभव सहायता दी जाएगी और नुकसान का आकलन कर आगे की राहत प्रक्रिया शुरू की जाएगी।
आग लगने के कारणों का अभी तक स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। संजय अवस्थी ने कहा कि घटना की जांच की जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इस हादसे में जो भी कमियां सामने आई हैं, उन्हें दूर करने के लिए प्रशासन के साथ मिलकर कार्य किया जाएगा।फिलहाल अर्की में राहत और बचाव कार्य जारी है और प्रशासन पूरी सतर्कता के साथ स्थिति पर नजर बनाए हुए है।