कुरुक्षेत्र। धर्मनगरी कुरुक्षेत्र में एक बार फिर सनसनीखेज मामला सामने आया है। 30 दिसंबर 2025 को थीम पार्क में सिर कटी लाश मिलने के बाद अब मंगलवार को सन्निहित सरोवर में एक कटा हुआ सिर तैरता हुआ मिला। यह स्थान उस जगह से करीब 800 मीटर दूर है, जहां पहले युवक का धड़ बरामद हुआ था।
सरावर में सिर तैरता देख सफाई कार्य में जुटे केडीबी कर्मचारियों में हड़कंप मच गया। कर्मचारियों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सिर को पानी से बाहर निकलवाया। फिलहाल सिर की पहचान नहीं हो सकी है, लेकिन पुलिस को आशंका है कि यह सिर उसी युवक का हो सकता है, जिसका धड़ पहले मिला था।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, ठंड के कारण सिर ज्यादा गलने-सड़ने की स्थिति में नहीं है, जिससे शिनाख्त की संभावना बनी हुई है। सिर को फोरेंसिक जांच और डीएनए परीक्षण के लिए भेज दिया गया है। डीएनए रिपोर्ट आने के बाद ही यह स्पष्ट हो पाएगा कि सिर और धड़ एक ही व्यक्ति के हैं या नहीं।
गौरतलब है कि 30 दिसंबर को शहर के बीच स्थित थीम पार्क (केशव पार्क) में एक युवक का सिर कटा धड़ बरामद हुआ था। शव सिमेंटेड स्टेज के पीछे पड़ा मिला था, जबकि कुछ दूरी पर खून से सना एक बड़ा चाकू भी मिला था। जांच के दौरान सामने आया कि मृतक की दाईं टांग घुटने के नीचे से कृत्रिम थी, जो शव से अलग पड़ी हुई थी।
शव और घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस ने हत्या को बेहद नृशंस बताया था। अब सन्निहित सरोवर में सिर मिलने के बाद मामले ने और गंभीर मोड़ ले लिया है। पुलिस सभी पहलुओं से जांच कर रही है और जल्द ही पूरे घटनाक्रम का खुलासा करने का दावा कर रही है।