Mandi, Dharamveer-:मंडी शहर के साथ लगते तनरोह सड़क पर आज सुबह एक नवजात का शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सड़क से गुजर रहे लोगों ने देखा कि कौवे नवजात के शव को नोच रहे थे, जिसके बाद उन्होंने तुरंत 112 पर कॉल कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सदर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और नवजात के शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। मौके पर फॉरेंसिक टीम को भी बुलाया गया, जिसने साक्ष्य एकत्र किए। प्रारंभिक जांच में नवजात बच्ची होने की आशंका जताई जा रही है, हालांकि इसकी पुष्टि मेडिकल रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।एसपी मंडी साक्षी वर्मा ने बताया कि नवजात के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि इस जघन्य अपराध को किसने अंजाम दिया।