Shimla, 15 January-:हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के नौहराधार क्षेत्र के तलांगना गांव में हुई भीषण अग्निकांड की घटना ने पूरे प्रदेश को झकझोर कर रख दिया है। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के छह सदस्यों की जिंदा जलकर मृत्यु हो गई, जिससे क्षेत्र में शोक की लहर फैल गई है। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय और प्रदेश नेतृत्व ने इस घटना पर दुःख व्यक्त करते हुए पीड़ित परिवार के प्रति संवेदना प्रकट की है।
भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा, प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, सांसद सुरेश कश्यप, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, पूर्व मुख्यमंत्री प्रेम कुमार धूमल और शांता कुमार ने दिवंगत आत्माओं की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोकाकुल परिवार को इस असहनीय पीड़ा को सहन करने की शक्ति देने की कामना की।
प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कहा कि नौहराधार में हुआ यह अग्निकांड अत्यंत दुखद और पीड़ादायक है। एक ही परिवार के छह लोगों का इस तरह अचानक चले जाना न केवल परिवार बल्कि पूरे प्रदेश के लिए अपूरणीय क्षति है। उन्होंने घायल व्यक्ति के शीघ्र स्वस्थ होने की भी कामना की।
प्राप्त जानकारी के अनुसार यह हादसा बीती रात लगभग दो से तीन बजे के बीच मोहन लाल के घर में हुआ। प्रारंभिक जांच में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। आग की चपेट में आने से घर में रखा एलपीजी सिलेंडर फट गया, जिससे पूरा मकान जलकर राख हो गया। इस घटना में कुछ पालतू मवेशियों के भी झुलसकर मरने की सूचना है। एक व्यक्ति को गंभीर अवस्था में बचाकर राजगढ़ अस्पताल रेफर किया गया है।भाजपा नेताओं ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित परिवार को तत्काल राहत, उचित मुआवजा और पुनर्वास की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। पार्टी ने स्पष्ट किया कि इस दुःख की घड़ी में वह पीड़ित परिवार के साथ मजबूती से खड़ी है और हरसंभव सहायता के लिए प्रयासरत रहेगी।