सोनीपत |हरियाणा में अपराध पर शिकंजा कसते हुए सोनीपत एसटीएफ ने बड़ी कार्रवाई की है। खरखौदा के सांपला बाईपास पर एसटीएफ सोनीपत और एक इनामी हत्यारोपी के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान आरोपी के पैर में गोली लग गई, जिससे वह घायल हो गया। घायल अवस्था में उसे पहले खरखौदा के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद खानपुर महिला मेडिकल कॉलेज अस्पताल रेफर किया गया।
पुलिस के अनुसार घायल आरोपी की पहचान अनुज उर्फ डॉक्टर निवासी गोकलगढ़ के रूप में हुई है। अनुज 15 अक्तूबर 2025 को जिला रेवाड़ी में हुए अपहरण और हत्या के सनसनीखेज मामले में वांछित था। इस मामले में पहले अंकित का अपहरण किया गया था और बाद में उसके साथ बेरहमी से मारपीट की गई। गंभीर रूप से घायल अंकित की इलाज के दौरान मौत हो गई थी। जांच में सामने आया था कि यह वारदात पूरी तरह सुनियोजित साजिश के तहत अंजाम दी गई थी, जिसमें अनुज की अहम भूमिका बताई गई थी।
घटना के बाद से ही आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने कई जगह दबिश दी थी और उस पर पांच हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया गया था। इस हत्याकांड में पुलिस अब तक पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है, जबकि अनुज फरार था।
एसटीएफ सोनीपत को गुप्त सूचना मिली थी कि आरोपी खरखौदा क्षेत्र में मौजूद है। इस पर एसटीएफ प्रभारी योगेंद्र के नेतृत्व में टीम ने इलाके में घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ने का प्रयास किया। खुद को घिरता देख आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में एसटीएफ की गोली उसके पैर में लगी, जिससे वह घायल हो गया और मौके पर ही काबू कर लिया गया।
सूचना मिलते ही थाना प्रभारी पवन पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक देसी पिस्तौल भी बरामद की है। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है और आरोपी से पूछताछ की जा रही है।