नई दिल्ली। अमेरिका की राजनीति में एक बार फिर डोनाल्ड ट्रंप और जेफरी एपस्टीन के पुराने रिश्तों को लेकर बहस तेज हो गई है। वॉशिंगटन डीसी के नेशनल मॉल पर एक एक्टिविस्ट ग्रुप ने 10 फुट ऊंची रेप्लिका स्थापित की है, जिसने लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। यह इंस्टॉलेशन ट्रंप के नाम से लिखे गए एक पुराने जन्मदिन संदेश की नकल बताई जा रही है, जो कुख्यात सेक्स अपराधी जेफरी एपस्टीन को दिया गया था।
यह रेप्लिका “द सेक्रेट हैंडशेक” नामक समूह द्वारा लगाई गई है। यह एक बड़े ग्रीटिंग कार्ड के रूप में तैयार की गई है। कार्ड के एक हिस्से में महिला का स्केच बना है और उसमें लिखा है, “हैपी बर्थडे एंड मे एवरी डे बी अनदर वंडरफुल सीक्रेट।” वहीं दूसरी ओर लिखा गया है, “हैपी बर्थडे टू अ टेरिफिक गाय।”
क्यों लगाया गया यह इंस्टॉलेशन?
ग्रुप का कहना है कि एपस्टीन का जन्मदिन 20 जनवरी को होता था, इसलिए यह रेप्लिका उसी अवसर पर लगाई गई। आयोजकों के अनुसार, इसे रविवार रात स्थापित किया गया और इसे 23 जनवरी तक रखने की अनुमति मिली है। इससे पहले जुलाई 2025 में वॉल स्ट्रीट जर्नल ने इस कथित बर्थडे मैसेज को लेकर रिपोर्ट प्रकाशित की थी।
ट्रंप का क्या कहना है?
डोनाल्ड ट्रंप ने इस संदेश पर अपने हस्ताक्षर होने से साफ इनकार किया है। उनका कहना है कि उनका एपस्टीन से कोई करीबी संबंध नहीं था और संभव है कि किसी अन्य व्यक्ति ने उनके नाम का इस्तेमाल किया हो। ट्रंप ने इस रिपोर्टिंग को लेकर अखबार के खिलाफ कानूनी कार्रवाई भी की है।
कानूनी स्थिति क्या है?
ट्रंप पर एपस्टीन से जुड़े किसी भी तरह के कानूनी आरोप नहीं हैं। एपस्टीन की 2019 में जेल में मौत हो गई थी, जब वह सेक्स ट्रैफिकिंग के गंभीर आरोपों में ट्रायल का इंतजार कर रहा था। यह विवादित संदेश कथित तौर पर एक “बर्थडे बुक” का हिस्सा था, जिसे एपस्टीन की करीबी सहयोगी गिस्लेन मैक्सवेल ने तैयार किया था। इस रेप्लिका ने एक बार फिर अमेरिका में राजनीति, नैतिकता और अतीत के विवादों को लेकर बहस को हवा दे दी है।