जालंधर । जालंधर के गांव राओवाली के पास स्थित यूनिक फिलिंग स्टेशन पर मंगलवार दोपहर उस समय हंगामा हो गया, जब थार एसयूवी में आई एक एनआरआई महिला और उसके साथियों पर पेट्रोल पंप कर्मचारी के साथ मारपीट करने का आरोप लगा। पूरी घटना पेट्रोल पंप पर लगे सीसीटीवी कैमरों में कैद हो गई है।
पेट्रोल पंप के मालिक निरंजन कैंथ, निवासी गांव राओवाली, ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि मंगलवार करीब साढ़े तीन बजे एक महिला अपनी थार गाड़ी लेकर पेट्रोल पंप पर पहुंची और वाहन में ईंधन भरवाने को कहा। इस दौरान ड्यूटी पर तैनात कर्मचारी जतिन (निवासी संतोखपुरा) से कथित तौर पर डीजल की जगह पेट्रोल भर गया, जिससे महिला नाराज हो गई।
पंप मालिक के अनुसार, गलती का पता चलते ही उन्होंने महिला को भरोसा दिलाया कि मैकेनिक बुलाकर गाड़ी को पूरी तरह ठीक करा दिया जाएगा। इसके बाद वह स्वयं मैकेनिक लेने के लिए पेट्रोल पंप से बाहर चले गए। इसी बीच महिला ने अपने कुछ रिश्तेदारों को मौके पर बुला लिया।
आरोप है कि महिला और उसके साथ आए चार लोगों ने पेट्रोल पंप कर्मचारी जतिन के साथ लात-घूंसों से मारपीट की, जिससे वह घायल हो गया। उसे उपचार के लिए सिविल अस्पताल जालंधर में भर्ती कराया गया है। हमलावरों ने पेट्रोल पंप पर रखे वाटर कूलर, गमलों और एक मोटरसाइकिल को भी नुकसान पहुंचाया। आरोप यह भी है कि जाते समय कर्मचारी का मोबाइल फोन छीन लिया गया।
घटना की सूचना मिलते ही थाना मकसूदां के एएसआई राजिंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने पेट्रोल पंप मालिक से सीसीटीवी फुटेज कब्जे में लेकर बयान दर्ज किए हैं। पुलिस के अनुसार, थार सवार महिला एनआरआई है और हाल ही में ऑस्ट्रेलिया से पंजाब लौटी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज और शिकायत के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच पूरी होने के बाद आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।